मानसून मौसम में AC का गलत इस्तेमाल न केवल इसके परफॉर्मेंस को खराब करता है, बल्कि सेहत और जेब दोनों पर भारी पड़ सकता है। बारिश के मौसम में अगर आप पुरानी आदतों से इसे चलाते रहेंगे तो यह राहत नहीं, परेशानी बन सकती है। इसलिए समय रहते इन सामान्य लेकिन गंभीर गलतियों को सुधार लेना बेहद जरूरी है।
इस मोड पर चलाएं – मानसून में हवा में नमी की मात्रा काफी बढ़ जाती है, जिससे AC को कमरे को ठंडा करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। ऐसे में यदि आप इसे सामान्य कूल मोड पर चलाते हैं, तो यह कमरे की नमी को कम नहीं कर पाता। इसका असर आपके कम्फर्ट और बिजली बिल दोनों पर पड़ता है। बेहतर है कि इस मौसम में AC को ड्राई मोड पर सेट करें, जिससे नमी नियंत्रित रहे और बिजली की खपत भी कम हो।
सफाई है जरूरी- बारिश के मौसम में जब वातावरण में लगातार नमी बनी रहती है, तो वह आपके AC के फिल्टर और डक्ट्स में जमने लगती है। अगर समय पर इनकी सफाई नहीं की गई तो इसमें से बदबू आने लगती है जिससे एलर्जी, खांसी या जुकाम जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। इसे रोकने के लिए हर दो हफ्ते में एक बार फिल्टर की सफाई जरूर करें। केवल 5 मिनट का यह काम आपके स्वास्थ्य में बड़ा अंतर ला सकता है।
वोल्टेज में अप-डाऊन से बचाने के लिए करें सुरक्षा इंतजाम- मानसून के दौरान बिजली कटौती और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव आम समस्या है। यदि आपका AC सर्ज प्रोटेक्टर या स्टेबलाइजर से जुड़ा नहीं है, तो यह वोल्टेज की गड़बड़ी से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो सकता है। इसलिए थोड़ा अतिरिक्त खर्च करके स्टेबलाइजर लगवाना एक स्मार्ट निवेश साबित हो सकता है, जिससे आपके उपकरण की उम्र भी बढ़ेगी और जेब पर भारी मरम्मत का बोझ भी नहीं पड़ेगा।
एक्सटर्नल यूनिट की करें मेंटेनेंस – AC की आउटडोर यूनिट यदि खुले स्थान पर रखी है, तो मानसून में यह खतरे में पड़ सकती है। ठहरा पानी, जंग लगना या ड्रेनेज सिस्टम का चोक होना यूनिट की परफॉर्मेंस को प्रभावित कर सकता है। इससे बचने के लिए जरूरी है कि इसे किसी सुरक्षित और छायादार स्थान पर रखा जाए जहां से पानी आसानी से निकल सके। यदि ऐसा न हो सके तो हर बारिश के बाद आउटडोर यूनिट की जांच जरूर करें।
तापमान न रखें बहुत कम- बारिश के मौसम में जब वातावरण पहले से ही ठंडा होता है, तो AC को 18-19 डिग्री पर चलाना शरीर के लिए नुकसानदेह हो सकता है। इससे गले में खराश, जकड़न या शरीर में दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बरसात में AC का आइडियल टेम्प्रेचर 24 से 26 डिग्री के बीच माना गया है। साथ ही, कमरे में हवा के बेहतर सर्कुलेशन के लिए पंखे का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
छोटी सावधानियां, बड़ी राहत- मानसून में AC का इस्तेमाल करते वक्त यदि इन पांच बातों का ध्यान रखा जाए तो न केवल आपको ठंडक में राहत मिलेगी, बल्कि मशीन की परफॉर्मेंस भी बेहतर बनी रहेगी। साथ ही, बिजली की खपत में कमी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से भी बचा जा सकेगा।







