Home » गर्मियों में लापरवाही पड़ सकता है भारी, जानें धूप से आने के बाद क्या करें और क्या नहीं ?
स्वास्थ्य

गर्मियों में लापरवाही पड़ सकता है भारी, जानें धूप से आने के बाद क्या करें और क्या नहीं ?

देश के ज्यादातर हिस्सों में तेज गर्मी, धूप और लू का समय शुरू हो गया है। पिछले कुछ दिनों से पारा करीब 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है। विशेषज्ञों ने चिंता जताई है कि आने वाले महीनों में गर्मी के कारण हालात और बिगड़ सकते हैं, जिसको लेकर सभी लोगों को सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता है। गर्मियों में जरा सी भी लापरवाही आपको हीट स्ट्रोक का शिकार बना सकती है, जिसे जानलेवा तक माना जाता है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, दोपहर की चिलचिलाती धूप में कुछ देर बाहर रहना भी शरीर के तापमान को तेजी से बढ़ा देता है। ऐसे में अगर जरूरी न हो तो दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर जाने से बचना चाहिए। अगर बहुत जरूरी हो तो शरीर और सिर को अच्छे से ढककर ही बाहर निकलें। इसके अलावा धूप से लौटने के बाद कुछ बातों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। आइए इस बारे में जानते हैं।

गर्मी के दिनों में धूप से बचना जरूरी :  स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, गर्मी और लू के दिनों में केवल धूप से बचना ही काफी नहीं है, बल्कि धूप से लौटने के बाद भी शरीर की सही देखभाल भी उतना ही जरूरी है। कई छोटी-छोटी गलतियां शरीर पर बड़ा असर डाल सकती हैं।

  • धूप से लौटने के बाद शरीर का तापमान सामान्य से अधिक होता है। इस दौरान शरीर पसीने के जरिए खुद को ठंडा करने की कोशिश करता है।
  • यदि ऐसे समय में अचानक बहुत ठंडा पानी पी लिया जाए या सीधे ठंडे माहौल में चले जाएं, तो शरीर का तापमान असंतुलित हो सकता है।
  • बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों के लिए यह ज्यादा खतरनाक हो सकता है।

 

धूप से लौटने के बाद बरतें सावधानी :  विशेषज्ञ कहते हैं, गर्मी के दिनों में  सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। तेज धूप और लू शरीर को गंभीर रूप से प्रभावित करती हैं, जिससे डिहाइड्रेशन, सनबर्न और थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में अगर आप सही तरीकों को अपनाते हैं, तो इन समस्याओं से आसानी से बच सकते हैं।  इसलिए यह जानना बेहद जरूरी है कि धूप से लौटने के बाद क्या करना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए?

धूप से आने के बाद क्या करें?   

  • धूप से लौटने के बाद तुरंत एसी में न जाएं बल्कि धीरे-धीरे शरीर को ठंडा करें। पहले सामान्य तापमान में कुछ देर बैठें ताकि शरीर का तापमान धीरे-धीरे कम हो।
  • धूप में रहने से शरीर में पानी की कमी हो जाती है। ऐसे में पानी, नारियल पानी या ORS लेना फायदेमंद होता है।
  • हल्के ठंडे पानी से चेहरा और हाथ-पैर धोने से गर्मी कम होती है।
  • धूप से लौटने के बाद दही, फल, सलाद जैसे हल्के और ठंडक देने वाली चीजें खाएं।
  • कॉटन के कपड़े ही पहनें, ये शरीर को ठंडा रखने में मदद करते हैं और पसीने को आसानी से सोखते हैं।

 

धूप से आने के बाद क्या न करें?

 

  • धूप से लौटने के बाद तुरंत ठंडा पानी न पिएं। बहुत ठंडा पानी अचानक पीने शरीर का तापमान तेजी से बदलता है जो नुकसान कर सकता है।
  • धूप से आते ही तुरंत नहाने से बचना चाहिए।  पहले शरीर का तापमान सामान्य होने दें, फिर नहाएं।
  • तुरंत एसी या कूलर के सामने बैठने से सर्दी-जुकाम या सिरदर्द हो सकता है।
  • धूप से आने के बाद कॉफी, चाय और कोल्ड ड्रिंक्स न पिएं। ये शरीर को डिहाइड्रेट कर सकते हैं।
  • .धूप के बाद तुरंत व्यायाम न करें। शरीर पहले से गर्म और थका होता है, ऐसे में एक्सरसाइज नुकसानदायक हो सकता है।
  • अगर धूप के बाद चक्कर आना, उल्टी, सिरदर्द या ज्यादा कमजोरी महसूस हो, तो यह हीट स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।

Search