खराब भोजन और पानी की वजह से आपके पेट में कीड़े हो सकते हैं। डॉक्टर हर 6 महीने में बच्चों को कीड़े की दवा खिलाने की सलाह देते हैं। पेट में कीड़े होने पर कई समस्याएं पैदा होने लगती है। बच्चों के पेट में कीड़े की समस्या ज्यादा होती है। आइए आज आपको बताते हैं कीड़े होने पर क्या लक्षण दिखते हैं।
आजकल बाहर का खाना खाने और कई बार गंदा पानी पीने से पेट में कीड़े पनप सकते हैं। क्या आप जानते हैं पेट में करीब 20 तरह के कीड़े होते हैं। पेट में कीड़े होने के पीछे कई कारण हैं जिनमें से एक है बहुत ज्यादा मीठा खाना। इसके अलावा दूषित भोजन करना, सब्जियों को बिना साफ किए खा लेना, शरीर की सफाई में कमी, मांस-मछली का सेवन, गुड़, दही और सिरका का ज्यादा सेवन इस समस्या का कारण बनता है। इसके अलावा पेट में कीड़े होने की एक बड़ी वजह है चॉक या मिट्टी जैसी चीजों को खाना। इसके अलावा जो लोग अनाज को कच्चा खा लेते हैं या सब्जियां चबा लेते हैं उनमें भी ये दिक्कत देखी जाती है।
0 दिखाई देते हैं ये लक्षण
बार-बार मतली होना और जी मचलाना। गैस और सूजन की समस्या, शरीर पर धब्बे नजर आना। शरीर में गंदगी बढ़ने के कारण खुजली होना या अचानक से चक्कते नजर आना। आंख लाल होना, वजन तेजी से घटना, जीभ का रंग सफेद होना, जीभ मोटी लगना, रात में बच्चों के दांत बजना इसके अलावा पेट में कीड़े होने की वजह से उनसे निकलने वाला गैस मुंह तक आता है और इससे लगातार बदबू आती है।
0 करें ये घरेलू इलाज
- अजवायन: पेट में कीड़ा होने पर अजवायन को पीसकर चूर्ण बना लें और उतनी ही मात्रा में गुड़ अजवाइन में मिला लें। इससे गोलियां जैसी बना लें और दिन में तीन बार खाएं। अजवायन में एंटी बैक्टिरीयल गुण पाए जाते हैं जो कीड़ों को खत्म कर सकते हैं। आपको ऐसा लगातार 5 दिनों तक करना है। बच्चों को आप चुटकी भर काला नमक और थोड़ा पिसा अजवाइन रात में पानी से खिला दें। ऐसा 3-4 दिन तक करें।
- अनार : पेट में कीड़ा होने पर अनार के छिलकों को सुखाकर पाउडर बना लें और इसे दिन में 3 बार एक-एक चम्मच खाएं। ये बड़े और बच्चे कोई भी खा सकते हैं। इससे पेट के कीड़े मर जाते हैं।
- नीम के पत्ते : स्वाद में बहुत कड़वे लेकिन पेट के कीड़े मारने में नीम के पत्ते असरदार साबित होते हैं। नीम के पत्तों में एंटी-बैक्टिरीयल गुण पाए जाते हैं जो कीड़ों को खत्म कर देते हैं। आप चाहें तो नीम के पत्तों को पीस लें और उसमें शहद मिलाकर खाएं। आपको इसे सुबह खाली पेट ही खाना है।
- लहसुन : पेट में कीड़ा मारने का घरेलू उपाय लहसुन भी है। आप लहसुन की चटनी बनाकर खा सकते हैं। लहसुन की चटनी में आपको सेंधा नमक मिलाना है। इसे सुबह-शाम खाएं। कुछ ही दिनों में पेट के सारे कीड़े मर जाएंगे।
- तुलसी: बच्चों को पेट में कीड़े की शिकायत होने पर तुलसी का रस पिला सकते हैं। इसके लिए 1 चम्मच तुलसी के पत्तों का रस दिन में 2 बार पीना है। इससे मल के जरिए पेट के कीड़े आसानी से बाहर निकल जाएंगे। बच्चों के लिए ये अच्छा उपाय है।
डिस्क्लेमर : यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। Today Studio लेख की पुष्टि नहीं करता है। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह लें।







