सिरसा। सिरसा में रेलवे ट्रैक के किनारे लगे वन विभाग के पेड़ खतरे का सबब बन सकते हैं। रविवार को तूफान से कालांवाली-बड़ागुढ़ा के बीच 10 पेड़ गिरने से बठिंडा रेवाड़ी पैसेंजर बाल-बाल बची। इमरजेंसी ब्रेक लगने से यात्रियों में दहशत फैल गई। रेलवे ने वन विभाग को कई बार पत्र लिखा है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। घटना के कारण कई ट्रेनें घंटों देरी से चलीं।
जिले में ही 2063 ऐसे पेड़ है जो रेलवे ट्रैक के बिलकुल साथ लगते हैं। इसमें से एक हजार से अधिक कालांवाली- बडागुढ़ा एरिया के बीच आने वाली रेलवे लाइन में है। आंधी व तूफान के बाद पेड़ ट्रैक पर गिरने के कारण रेलों की आवाजाही प्रभावित होती है। अधिक खतरनाक पेड़ों को हटाने के लिए रेलवे कई बार जिला वन अधिकारी और विभाग मुख्यालय में भी पत्र लिख चुका है, लेकिन विभाग की तरफ से इस संबंध में अभी तक कोई भी एक्शन नहीं लिया गया है।
बता दें कि हर वर्ष तेज आंधी व तूफान के कारण रेलवे ट्रैक पर पेड़ों के गिरने का मामले सामने आते हैं। जिसके कारण रेल की आवाजाही घंटों तक बाधित रहती है।
ऐसे में अगर किसी कारण रेलवे को पेड़ों के गिरने संबंधित सूचना नहीं मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता है। रेल में सवार यात्रियों ने बताया कि इमरजेंसी ब्रेक लगने से ट्रेन में खतरे का माहौल बन गया था। इसके ट्रेन रूकने के बाद राहत की सांस ली ।
पेड़ हटाने के लिए नहीं पहुंचे कर्मचारी
बड़ागुढ़ा के गांव दौलतपुरा थेहड़ी के पास ट्रैक पर पेड़ गिरने के कारण इमरजेंसी ब्रेक लगा बठिंडा रेवाड़ी पैसेंजर ट्रेन को बीच रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान पेड़ गिरने की सूचना वन विभाग को भी दी गई। लेकिन विभाग का कोई भी कर्मचारी और अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। रेलवे इंजीनियरिंग विंग कर्मचारियों ने पेड़ों को हटाने के बाद रेल की आवाजाही शुरू की। इस दौरान यात्रियों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
पेड़ गिरने से चार घंटे लेट हुईं ट्रेनें
बठिंडा से चलकर रेवाड़ी जाने वाली ट्रेन सिरसा रेलवे स्टेशन पर शाम 6ः47 पर पहुंचती है जबकि ट्रैक बंद होने से रविवार को ट्रेन रात 10ः43 पर सिरसा स्टेशन पर पहुंची, वहीं किसान एक्सप्रेस सिरसा से बठिंडा के लिए स्टेशन पर 7ः50 पर पहुंची, जबकि ट्रैक बंद होने के कारण रेल 10ः10 पर सिरसा से रवाना हो गई। बठिंडा से जयपुर ट्रैन 11ः00 बजे सिरसा रेलवे स्टेशन पर पहुंचती है जबकि यह ट्रेन 1ः57 पर सिरसा पहुंची। बठिंडा से सिरसा आने वाली ट्रेन संख्या 04783 रात 9ः25 पर सिरसा स्टेशन पर पहुंचती है, जबकि यह ट्रेन 11ः32 पर सिरसा पहुंची है।
0 तेज आंधी के कारण ट्रैक पर पेड़ गिरे थे। जिसके कारण ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। पेड़ों को हटाने के लिए वन विभाग को भी कई बार पत्र लिखा गया है। रात को भी इस संबंध में विभाग को सूचना दे दी गई थी।
– नरेश कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, सिरसा।







