Home » रोडवेज बस के आगे लगाई फॉर्च्यूनर कार, पिस्तौल लहराकर मचाई दहशत, दिल्ली से गिरफ्तार
हरियाणा

रोडवेज बस के आगे लगाई फॉर्च्यूनर कार, पिस्तौल लहराकर मचाई दहशत, दिल्ली से गिरफ्तार

सोनीपत। सोनीपत-गोहाना रोड पर एक फॉर्च्यूनर सवार ने रोडवेज बस के सामने पिस्तौल लहराई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। रत्नगढ़ के पास हुई इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। आरोपी ने बस को रोकने के बाद चालक को धमकाया और सवारियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। यात्रियों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

बताया जा रहा है कि जींद डिपो की रोडवेज बस दिल्ली जा रही थी, जिसमें काफी सवारियां बैठी थीं। अचानक फॉर्च्यूनर सवार ने बस के आगे गाड़ी रोक दी और बस चालक को धमकाते हुए पिस्तौल दिखा दी। बस चालक का आरोप है कि फॉर्च्यूनर सवार ने बस की सवारियों पर गाड़ी चढ़ाने की भी कोशिश की, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।

बस में बैठे यात्रियों ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह आरोपित खुलेआम पिस्तौल लहराता नजर आ रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही सीआईए-1 और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और बस चालक व सवारियों से पूछताछ की।

पुलिस अब फॉर्च्यूनर सवार की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और उसकी तलाश में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद यात्रियों में काफी गुस्सा है। लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि सड़क पर सफर करने वाले लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।

सोनीपत पुलिस ने इस मामले में दिल्ली के रहने वाले मोहम्मद संजय खान को अरेस्ट किया है। बीएनएस की धारा 110 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस कर पूछताछ कर रही है।

Search

Archives