जींद। गांव बागड़ू कलां में एक व्यक्ति सुरेश ने अपनी दो पत्नियों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पाकर सदर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया। आरोपी व्यक्ति सुरेश कुमार वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
सदर थाना सफीदों प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस जब मौके पर पहुंची तो एक महिला का शव मिला, जबकि दूसरी गंभीर हालत में मिली। गंभीर महिला फिलहाल कुछ भी बोलने की अवस्था में नहीं है। उन्होंने कहा कि आरोपित सुरेश की पहले ही एक पत्नी थी। दो मार्च को वह दूसरी पत्नी को माला पहनाकर घर लाया था।
पहली पत्नी को बच्चे नहीं होने के कारण उसने दूसरी शादी की थी। इसी को लेकर घर में विवाद था। बुधवार सुबह 12 बजे झगड़ा इतना ज्यादा बढ़ गया कि सुरेश ने कुल्हाड़ी से अपनी दोनों पत्नियों पर वार कर दिए। राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। घायल महिला के होश में आने के बाद ही पूरे मामले का पता चल सकेगा।







