Home » भूस्खलन के कारण मलबे में दबे श्रद्धालु, दो की मौत
गुजरात

भूस्खलन के कारण मलबे में दबे श्रद्धालु, दो की मौत

अहमदाबाद । गुजरात के पंचमहाल जिले में स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल पावागढ़ की पहाड़िय़ों पर शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी पर भूस्खलन हो गया, जिससे बड़े-बड़े पत्थर और मलबा नीचे गिर पड़े। इस मलबे की चपेट में आने से कई श्रद्धालु दब गए, जिनमें से अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं।

इस घटना के बाद से भक्तों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। यह हादसा सुबह करीब 5.00 बजे हुआ, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता जी के दर्शन के लिए पहाड़ी पर चढ़ रहे थे। पहाड़ी के रास्ते में पडऩे वाले पाटियापुल के पास अचानक ऊपर से बड़े-बड़े पत्थर और मिट्टी नीचे गिरने लगे।

लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से मिट्टी पूरी तरह गीली और ढीली हो चुकी थी, जिसके कारण पत्थरों की रफ्तार इतनी तेज थी कि नीचे से गुजर रहे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पहाड़ी से गिरे भारी पत्थरों की चपेट में कई श्रद्धालु आ गए। प्रशासन ने अब तक दो यात्रियों के शव बाहर निकाले हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुछ और लोग भी अभी पत्थरों के नीचे दबे हो सकते हैं। मलबे की चपेट में आए घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Search

Archives