नई दिल्ली। फिल्म अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की दिल्ली में हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक स्कूटी पार्किंग को लेकर मामूली विवाद बढ़ता गया और आरोपियों ने हुमा कुरैशी के चचेरे भाई का मर्डर कर दिया। पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
आसिफ कुरैशी की उम्र 42 वर्ष थी और वह चिकन सप्लाई का काम करता था। जानकारी के अनुसार निजामुद्दीन थाना क्षेत्र के जंगपुरा भोगल बाजार के लेन में गुरुवार देर रात पार्किंग को लेकर विवाद हुआ। बताया जाता है कि आसिफ के घर के आगे दो युवकों ने स्कूटी पार्क कर दी थी। आसिफ ने उन्हें स्कूटी पार्क करने से मना किया। इसी मामले को लेकर विवाद बढ़ता गया और दोनों ने नुकीले हथियारों से आसिफ पर हमला कर दिया। हमले में आसिफ बुरी तरह जख्मी हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने आसिफ को मृत घोषित कर दिया।
आसिफ की पत्नी ने क्या बताया?- मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि बताया कि इससे पहले भी पार्किंग विवाद को लेकर आरोपियों का उनके पति से झगड़ा हुआ था। आसिफ जब काम से वापस घर लौटे तो घर के सामने पड़ोसी की स्कूटी लगी हुई थी। आसिफ ने पड़ोसियों से स्कूटी हटाने के लिए कहा लेकिन स्कूटी हटाने की बजाय वे लोग गाली-गलौज करने लगे और तेज धारदार हथियार से आसिफ को जख्मी कर दिया। परिवार वाले आसिफ को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां उनकी मौत हो गई।







