Home » आज करोड़ों के मालिक हैं मिथुन चक्रवर्ती, यहां 1.5 एकड़ में फैला है आलीशान फार्महाउस
मनोरंजन

आज करोड़ों के मालिक हैं मिथुन चक्रवर्ती, यहां 1.5 एकड़ में फैला है आलीशान फार्महाउस

मिथुन चक्रवर्ती ने 70 के दशक में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 1976 में मृणाल सेन के निर्देशन में बनी ‘मृगया’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा, जिसके लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का नेशनल फिल्म अवॉर्ड भी मिला था। आज मिथुन चक्रवर्ती करोड़ों के मालिक हैं, देश में कई जगहों पर उनकी प्रॉपर्टी है, लेकिन एक समय था जब उन्होंने अपनी जिंदगी में काफी संघर्षों का सामना किया।

उन्होंने फुटपाथ पर सोने से लेकर स्टारडम पाने तक का सफर तय किया और अपनी पीढ़ी के सबसे बड़े स्टार्स में से एक रहे। मिथुन चक्रवर्ती खुद कई बार  उन दिनों के बारे में बात कर चुके हैं जब उन्हें सड़कों पर सोना पड़ा, वॉशरूम इस्तेमाल करने के बदले ऑफिस की सफाई करनी पड़ी। ये तब भी उनके साथ हुआ जब वह फिल्मों में कदम रख चुके थे। लेकिन, आज उनके पास देश में कई प्रॉपर्टीज हैं, जिनमें उनका मध आइलैंड स्थित बड़ा सा फार्महाउस भी शामिल है। 1.5 एकड़ में फैले इस फार्महाउस में घर के हर सदस्य के लिए अलग-अलग कॉटेज है और यहां 22 पालतू जानवर रहते हैं।

हरियाली से घिरी है प्रॉपर्टी :  मिथुन चक्रवर्ती का ये बंगला चारों तरफ से हरियाली से घिरा है और यहां परिवार के हर सदस्य के लिए अलग-अलग कॉटेज है। इसके अलावा इस बंगले में परिवार के 22 कुत्तों के लिए भी जगह है। नमाशी ने बताया कि उनके पिता को गार्डनिंग का काफी शौक है और वह जब भी यहां आते हैं अपने गार्डनिंग के शौक को पूरा करते हैं। नमाशी ने यहां अपने पिता का पहला घर भी दिखाया, जो एक पीली ‘वोक्सवैगन बीटल’ है। नमाशी ने बताया कि जब उनके पिता यानी मिथुन चक्रवर्ती मुंबई आए तो उनके पास रहने के लिए घर नहीं था। ऐसे में उन्होंने शुरुआत में 15 दिन इसी पीली बीटल में गुजारे थे। ये उनका मुंबई में पहला घर था। ये गाड़ी अब चलाने की हालत में नहीं है, लेकिन मिथुन चक्रवर्ती की काफी यादें इस कार से जुड़ी हैं, जिसके चलते वह इसके रख-रखाव में कोई कमी नहीं छोड़ते।

दीवार पर टंगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संग फोटो :  नमाशी ने घर की उस दीवार की झलक भी दिखाई, जो मिथुन चक्रवर्ती के शानदार करियर की झलक दिखाया है। इस दीवार पर उन्हें मिले सम्मान, पुरस्कार और फैंस से मिले उनके स्केच सुसज्जित हैं और दूसरी दीवार पर मशहूर और सम्मानित हस्तियों के साथ तस्वीरें लगी हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बाल ठाकरे और कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज राजकुमार संग उनकी तस्वीरें शामिल हैं। दीवार पर उस पल की भी तस्वीर देखने को मिली, जब मिधुन चक्रवर्ती को दादा साहब फाल्के पुरस्कार मिला था।

अस्पताल में भर्ती थे मिथुन चक्रवर्ती :  पिछले दिनों मिथुन चक्रवर्ती अपनी सेहत संबंधी समस्याओं के चलते चर्चा में रहे। मिथुन चक्रवर्ती को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सर्जरी के बाद उन्हें अस्पताल में देखरेख के लिए रखा गया। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने एक तस्वीर शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी, जो अभिनेता के स्वास्थ्य का जायजा लेने के लिए उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे और अभिनेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Search