अभिनेता और राजनेता थलापति विजय जब से मुख्यमंत्री बने हैं, तब से उन्हें उनके करीबी लोग बधाई दे रहे हैं। कई लोग उनसे मिलकर उनको खास चीजें गिफ्ट कर रहे हैं। इसी कड़ी में डायरेक्टर वेंकट प्रभु ने सीएम विजय से मुलाकात की है। उन्होंने उन्हें एक खास गिफ्ट दिया है।
वेंकट प्रभु ने सीएम को दिया गिफ्ट : वेंकट प्रभु ने फिल्म ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ (GOAT) में चलाई गई कार पर इस्तेमाल की गई मशहूर नंबर प्लेट ‘TN07 CM 2026’ भेंट की है। लोगों का मानना है कि इस फिल्म ने विजय के राजनीतिक उदय की पहले ही भविष्यवाणी कर दी थी।
वेंकट प्रभु की पोस्ट में क्या है? : एक्स पर इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए वेंकट प्रभु ने लिखा, ‘एक इतिहास रचा गया है। एक विचार से लेकर एक विजन और फिर इस पल तक। आज हमारे माननीय मुख्यमंत्री विजय से मिलकर और ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ की खास चीज उन्हें भेंट करके बहुत खुशी हुई। यह तो बस शुरुआत है।’
A history is made..
From a thought… to a vision… to this moment.
Happy to have met our honourable CM @TVKVijayHQ na today and present the very first manifestation of #GOAT. ❤️❤️❤️
This is only the beginning.
TN07CM2026 pic.twitter.com/VxwvFOKTo4— venkat prabhu (@vp_offl) May 18, 2026
विजय ने पार्टी का किया एलान : फिल्म ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ (2024) फिल्म विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ (टीवके) लॉन्च करने के कुछ महीनों बाद रिलीज हुई थी। तब उनके राजनीतिक सफर को लेकर पहले से ही अटकलें तेज थीं।
विजय बने मुख्यमंत्री : 51 साल के एक्टर-राजनेता विजय ने 10 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। यह शपथ ग्रहण समारोह चेन्नई के नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया था।
कब रिलीज होगी ‘जन नायकन’? : इस बीच खबर आ रही है कि थलापति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज की तारीख अभी तक पक्की नहीं हुई है। हालांकि अगस्त 2026 में इसके रिलीज होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।







