Home » करण वाही ने एक्टिंग छोड़ने की अफवाहों पर लगाया विराम, कहा- एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में आगे भी करते रहेंगे काम
मनोरंजन

करण वाही ने एक्टिंग छोड़ने की अफवाहों पर लगाया विराम, कहा- एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में आगे भी करते रहेंगे काम

टीवी एक्टर करण वाही ने उन अफवाहों पर चुप्पी तोड़ दी है, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी है। ये अफवाहें तब फैलीं जब सोशल मीडिया पर कई पोस्ट्स में उनके हालिया इंटरव्यू को गलत तरीके से समझा गया, जिसमें उन्होंने अपनी आध्यात्मिक यात्रा के बारे में बात की थी। एक्टर ने अब एक्टिंग छोड़ने और आध्यात्मिक राह चुनने पर अपनी सफाई दी है और यह स्पष्ट किया कि वह एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में आगे भी काम करते रहेंगे।

यह अटकलें तब शुरू हुईं, जब एक इंस्टाग्राम पेज ने उनके इंटरव्यू का एक छोटा सा वीडियो क्लिप शेयर किया, जिसमें यह संकेत दिया गया था कि उन्होंने आध्यात्मिकता पर ध्यान देने के लिए एक्टिंग से दूरी बना ली है। इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए, करण ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उस पोस्ट को दोबारा शेयर किया और उन रिपोर्ट्स का खंडन किया। उन्होंने लिखा, ‘आध्यात्मिक होने का मतलब यह नहीं है कि मुझे अपना काम छोड़ना पड़ेगा। कृपया सिर्फ वायरल होने के लिए अफवाहें न फैलाएं। इस व्यक्ति से मेरा अनुरोध है कि वह इस पोस्ट को हटा दे और झूठ न फैलाए। धन्यवाद।’

करण वाही ने आध्यात्मिक बदलाव पर की बात :  पारस छाबड़ा पॉडकास्ट के दौरान, करण ने उन लाइफस्टाइल बदलावों के बारे में बात की, जो उन्होंने हाल के महीनों में किए हैं। उन्होंने बताया कि वह नाम-जप का अभ्यास कर रहे हैं। वृंदावन से लाई गई तुलसी की माला पहनना शुरू कर दिया है और पिछले तीन महीनों से उन्होंने पूरी तरह से मांसाहारी भोजन छोड़ दिया है। उन्होंने अपनी इस यात्रा को प्रभावित करने का श्रेय नीम करोली बाबा और प्रेमानंद महाराज जैसी आध्यात्मिक हस्तियों को दिया। इस बदलाव के बारे में बात करते हुए, करण ने कहा कि ‘मैंने अपनी जिंदगी में कभी नहीं सोचा था कि मैं शाकाहारी बनूंगा, लेकिन अब कंठी माला पहनने के बाद सब कुछ बहुत शांतिपूर्ण लगता है।’

करण वाही और जेनिफर विंगेट के रिश्ते का सच? :  करण वाही ने इन खबरों को सिरे से खारिज करते हुए शादी की चर्चा को फेक न्यूज बताया है। भले ही दोनों के बीच लंबे समय से गहरा रिश्ता रहा है और उन्होंने कई शोज में साथ काम किया है, लेकिन उनके बीच कोई रोमांटिक रिश्ता नहीं है। एक्टर ने खुद एक पुराने इंटरव्यू में खुलासा किया था कि करण सिंह ग्रोवर की एक्स वाइफ जेनिफर विंगेट सिर्फ उनकी सबसे अच्छी दोस्त है।

एक्टर ने होस्ट बन कमाई शोहरत :  करण को ‘रीमिक्स’, ‘दिल मिल गए’ और ‘बात हमारी पक्की है’ जैसे लोकप्रिय टीवी शो से शोहरत मिली। एक्टिंग के अलावा उन्होंने एक होस्ट के तौर पर भी अपनी पहचान बनाई है और ‘झलक दिखला जा’ जैसे रियलिटी शो होस्ट किए हैं। वह कई ओटीटी प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ चुके हैं।

Search

Archives