Home » 70 की उम्र में अनुपम खेर ने शेयर किया डांस वीडियो, इस बॉलीवुड एक्टर से की खास गुजारिश
मनोरंजन

70 की उम्र में अनुपम खेर ने शेयर किया डांस वीडियो, इस बॉलीवुड एक्टर से की खास गुजारिश

मशहूर अभिनेता अनुपम खेर ने सोमवार को अपना पहला डांस वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने पूरे करियर में जानबूझकर डांस से दूरी बनाए रखी। लेकिन कुछ नया करने की चाहत में, पिछले महीने उन्होंने अपनी पहली डांस क्लास ली और मशहूर कोरियोग्राफर सीजर से ‘तौबा तौबा’ गाने का हुक स्टेप सीखा।

अनुपम ने इंस्टाग्राम पर अपना डांस वीडियो शेयर किया, जिसमें सीजर उन्हें यह स्टेप सिखाते नजर आ रहे हैं। वीडियो के आखिर में अनुपम और सीजर मिलकर इस गाने का हुक स्टेप करते हैं। इस शानदार डांस वीडियो के साथ अनुपम ने कैप्शन में लिखा, ‘मैंने एक अभिनेता के तौर पर लगभग हर चीज की कोशिश की, यहां तक कि 68 साल की उम्र में तैराकी भी सीखी, लेकिन मैंने डांस से दूरी रखी क्योंकि मुझे डांस नहीं आता। फिल्मों में मेरे गाने के सीन में जो आपने देखा, वो बस मस्ती थी।’
आगे अनुपम ने लिखा, ‘पिछले महीने मैंने डांस सीखने का फैसला किया और पहली क्लास ली। फिर मैं कोरियोग्राफर सीजर से मिला और उन्होंने मुझे सिर्फ 3 मिनट में यह मुश्किल स्टेप सिखा दिया। यह मेरा पहला डांस वीडियो है।’
विक्की कौशल से की खास गुजारिश- अनुपम ने इस वीडियो के साथ विक्की कौशल के लिए भी कुछ खास लिखा है। दरअसल, अनुपम ने विक्की कौशल की फिल्म ‘बैड न्यूज’ का गाना ‘तौबा-तौबा’ पर डांस किया और यह उनका पहला डांस वीडियो है। उन्होंने विक्की कौशल से गुजारिश करते हुए लिखा, ‘पेश है मेरा पहला डांस वीडियो। अब देखते है क्या बोलते हैं विक्की कौशल- हंसना नहीं प्रोत्साहन बढ़ाना, जय हो।’

अनुपम का हालिया पोस्ट- बीते रविवार को अनुपम खेर ने फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2025 में हिस्सा लिया और 90 के दशक की यादें ताजा कीं। उन्होंने शाहरुख खान, काजोल और करण जौहर को फिल्मफेयर ट्रॉफी दी। इस पल को ‘खूबसूरत और दिल को छूने वाला’ बताते हुए अनुपम ने कहा कि 90 का दशक भारतीय सिनेमा का सबसे यादगार समय था, जब प्यार और एकजुटता की कहानियां बनती थीं। उन्होंने फिल्मफेयर को इस शानदार शाम के लिए धन्यवाद भी दिया।

Search

Archives