अंकिता लोखंडे के पति विक्की जैन हाल ही में हादसे का शिकार हो गए और उन्हें गंभीर चोट लगी है। अस्पताल से कपल की तस्वीरें भी वायरल हुई और ऐसे में फैंस जानना चाहते हैं कि आखिर विक्की जैन को क्या हुआ है।
विक्की जैन और एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे दोनों अक्सर चर्चा में बने रहते हैं। कपल की तगड़ी फैन फॉलोइंग है। ‘बिग बॉस’ के घर में दोनों की केमिस्ट्री लोगों के सामने आई और इनकी नोकझोंक को लोगों ने काफी पसंद किया। इसके बाद दोनों को लाफ्टर शेफ में भी काफी पसंद किया गया। दोनों के बीच का खट्टा-मीठा तालमेल काफी मनोरंजक रहा और इससे सोशल मीडिया पर भी दोनों की फैन फॉलोइंग बढ़ी। दोनों अक्सर चर्चा में बने रहते हैं, कभी इनकी हाई-फाई पार्टी वायरल होती हैं तो कभी धार्मिक सेलिब्रेशन, लेकिन इस बार कपल अलग वजह से चर्चा में है। दरअसल विक्की जैन हादसे का शिकार हो गए हैं और इसकी वजह से उन्हें अस्पताल पहुंचना पड़ा। चलिए आपको बताते हैं कि उन्हें क्या हुआ है।
विक्की को लगे 45 टांके- टीवी रियलिटी पर्सनैलिटी और बिजनेसमैन विक्की जैन और एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे के पति हाल ही में एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे में उनके दाहिने हाथ में गहरा जख्म हुआ, जिसमें 45 टांके आए और रिकंस्ट्रक्शन सर्जरी करनी पड़ी। फिलहाल विक्की घर पर हैं और धीरे-धीरे रिकवरी कर रहे हैं। हादसे के बारे में एक बातचीत के दौरान विक्की बताते हैं, ‘यह एक सामान्य दिन था। मैं दोपहर को बस छाछ का गिलास उठा रहा था कि वह फिसल गया। मैंने उसे कसकर पकड़ लिया और गिलास मेरे हाथ में ही टूट गया। मेरी हथेली और बीच की उंगली बुरी तरह कट गईं। ये मेरे जीवन की सबसे भयानक दुर्घटना थी।’







