दुर्ग। बाइक धोते समय नदी में बहे दो युवकों की लाश करीब 17 घंटे बाद बरामद हो गई है। एसडीआरएफ की टीम ने लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों युवकों की लाश को ढूढ़ निकाला है।
बता दें गुरूवार को बाइक धोते समय चुम्मन ठाकुर 29 वर्ष, शिवम 19 वर्ष नदी में बह गए थे। दोनों अंडा क्षेत्र के ही रहने वाले थे। चुम्मन, शिवम और उसके चार अन्य दोस्त अंडा से कुछ दूर विनायकपुर के पास तांदुला नदी में बने आमटी स्टाॅप डैम की तरफ गए थे। इसी दौरान चुम्मन ने अपनी बाइक को धोने के लिए स्टाॅप डैम में चढ़ाया। गुरूवार को दोपहर करीब 3 बजे वे दोनों बाइक को धो रहे थे कि उनका पैर अचानक फिसल गया और दोनों बाइक के साथ ही नदी के तेज बहाव में बह गए थे। घटना की जानकारी दोस्तों ने अंडा पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस टीम व एसडीआरएफ की टीम आमटी स्टाॅप डैम पहुंची। एसडीआरएफ की टीम और गोताखोरों ने नदी में बहे युवकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 17 घंटे बाद दोनों की लाश को बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।







