नई दिल्ली। राजधानी के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर परिसर के भीतर प्रवेश कर लिया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर विरोध जताया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
दरअसल यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। बीजेपी ने इसे शर्मनाक बताया है। बीजेपी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस शर्मनाक प्रदर्शन कर रही है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता जो टी-शर्ट पहनकर गए थे, उसमें पीएम मोदी की फोटो बनी हुई थी।
प्रदर्शन की फोटो और वीडियो शेयर करते हुए यूथ कांग्रेस के एक्स हैंडल से लिखा गया, “जब विदेश नीति में झुकाव, कॉरपोरेट दबाव और चुप्पी हावी हो तो साफ है। पीएम मोदी कंप्रोमाइज्ड हैं। इसी सच्चाई को बेनकाब करने भारतीय युवा कांग्रेस के जाबांज कार्यकर्ता एआई समिट पहुंचे और कंप्रोमाइज्ड पीएम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं! इंकलाब जिंदाबाद।”







