गुरुग्राम। दो नाबालिगों ने कथित तौर पर अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से 11वीं कक्षा के एक सहपाठी को गोली मार दी। घायल छात्र की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ घंटों के भीतर ही दोनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस को बीती देर रात सेक्टर 48 में एक लड़के को गोली लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि घायल लड़के को परिवार वाले इलाज के लिए मेदांता अस्पताल ले जा चुके हैं।
पुलिस की सीन ऑफ क्राइम, एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान, घटनास्थल से एक पिस्टल, एक मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस और एक खाली कारतूस बरामद हुई। इसके अतिरिक्त, कमरे के अंदर रखे एक बॉक्स से एक मैगजीन और 65 जिंदा कारतूस भी मिले।







