नई दिल्ली/छत्तीसगढ़। भारतीय मौसम विभाग ने देश के अलग-अलग राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। ये सिलसिला 13 जुलाई तक चलने वाला है। मुंबई और दिल्ली के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
बता दें छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा सहित कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोग बारिश से परेशान हो गए हैं। कई वार्डों में जल भराव की स्थिति है। घर में पानी घुस जाने से लोग रातभर पानी को बाहर निकालने में लगे हुए हैं।
इधर आईएमडी ने मुंबई में मानसून की स्थिति जारी रहने का अनुमान लगाया है। आने वाले कुछ दिनों तक कई राज्यों में मध्यम से भारी बारिश के साथ आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है। सुबह और देर शाम तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को तड़के बारिश हुई, जिसके कारण आईएमडी ने दिल्ली समेत गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुड़गांव और गौतम बुद्ध नगर सहित इसके आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया।
इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश : 07-13 तारीख के दौरान मध्य प्रदेश में, 07-10 तारीख के दौरान विदर्भ, छत्तीसगढ़, 07 और 08 तारीख को गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और 07, 09, 12 और 13 जुलाई को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। अगले 7 दिनों के दौरान ज्यादातर जगहों पर हल्की/मध्यम बारिश, साथ में आंधी, बिजली और 30-40 किमी. प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
इसके अलावा, 07-13 जुलाई के दौरान उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, 07-10 जुलाई के दौरान जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, 07-09 जुलाई के दौरान पश्चिमी राजस्थान, 08-10 जुलाई के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि 07-10 जुलाई के दौरान उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, 07 और 08 जुलाई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
कितना रहेगा तापमान- मौसम विभाग के मुताबिक अलग-अलग जगहों पर आम तौर पर बादल छाए रहेंगे। गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश/बिजली गिरने की संभावना भी है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक कम रहेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में अधिकतम तापमान लगभग 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 से 24 डिग्री सेल्सियस रहा।







