नई दिल्ली। अति सुरक्षित कहे जाने वाले नई दिल्ली में स्थित प्रधानमंत्री व केंद्रीय गृहमंत्री आवास के कुछ दूरी पर शराब कारोबारी के गोल्फ लिंक इलाके स्थित आवास में दिनदहाड़े लूटपाट का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
कारोबारी के नौकर ने अपने चार साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने कारोबारी के पिता, पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट की और उसके बाद घर में रखी करीब 32 लाख रुपये से ज्यादा के जेवरात ले गए। नई दिल्ली जिले की तुगलक रोड थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित कारोबारी का व्हिस्की का बिजनेस : नई दिल्ली जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने लूट की वारदात की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी नौकर व उसके साथियों की तलाश की जा रही है, हालांकि शुक्रवार शाम तक उनका कुछ पता नहीं लगा था। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित कारोबारी का व्हिस्की बनाने का कारोबार है।
सूचना के बाद नई दिल्ली जिले के पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। जांच में पता लगा कि आरोपी नौकर पिछले कई वर्षों से परिवार के साथ काम कर रहा था और घर के हर सदस्य का भरोसा जीत चुका था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने अपने साथियों के साथ वारदात की साजिश रची। सभी आरोपियों ने मास्क पहने हुए थे। नौकर ने अपने साथियों को घर में घुसा लिया था।







