नई दिल्ली। नामी कंपनी का नकली इंजन ऑयल तैयार करने के आरोप में पश्चिम जिला की डीआईयू सेल ने पांच आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। ये पांचों आरोपी एक-दूसरे से जुड़े थे। मुख्य आरोपी स्टीकर बनवाने से लेकर खाली बोतलों में नकली इंजन ऑयल भरवाता था। बाद में उसे महंगे दामों पर बाजार में ठिकाने लगा दिया जाता था। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
दरअसल इस मामले में कैस्ट्रोल प्राइवेट लिमिटेड ने पश्चिम जिला के डीआईयू सेल से शिकायत की थी। कंपनी की ओर से कहा गया कि कुछ लोग कीर्ति नगर इलाके में नकली इंजन ऑयल तैयार कर मार्केट में खफा रहे हैं। सूचना के बाद तुरंत एक टीम का गठन कर कीर्ति नगर डीएसआईआईडीसी में छापेमारी की और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लाख नामी कंपनी के स्टीकर, 23400 क्यूआर स्टीकर, 800 इंजन ऑयल की भरी बोतल, 3000 खाली बोतलें, ऑयल की 80 खाली बालटी व अन्य मशीनें बरामद की हैं। आरोपी पिछले पांच-छह माह से इस गोरखधंधे में लगे थे। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
0 पकड़े गए ये आरोपी
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुख्य आरोपी राकेश बेदी 34 वर्ष, कमलेश कुमार 32 वर्ष, राजेश सिंह 34 वर्ष, मुद्दस्सिर खान 42 वर्ष और गगनदीप सिंह 42 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने ए-30, पहली मंजिल पर छापेमारी की। यहां नामी कंपनी के स्टीकर काटे जा रहे थे। पुलिस ने यहां से मुख्य आरोपी राकेश बेदी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने डी-19 और ए-9 में छापेमारी की। आरोपी राकेश स्टीकर के लिए खाली शीट उपलब्ध करवाता था। बाद में इसको कोटिंग के लिए भेज दिया जाता था। पुलिस ने यहां से कमलेश कुमार, राकेश सिंह और मुदस्सिर खान को दबोच लिया। यह तीनों ही लोग स्टीकर प्रिंटिंग करने के अलावा उस पर कोटिंग कर राकेश बेदी को उपलब्ध करवाते थे। इसके बाद टीम ने भारत नगर की श्रीनगर कालोनी में छापेमारी की। यहां खाली बोतलों में नकली इंजन ऑयल भरा जा रहा था।







