बीजापुर। गंगालुर थाना क्षेत्र के ग्राम इंदुपारा, कुप्पागुड़ा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ग्रामीण को जहरीले साँप ने डस लिया। समय रहते सूचना मिलने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 199वीं बटालियन के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए न सिर्फ पीड़ित को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया, बल्कि उसे सुरक्षित रूप से अस्पताल भी पहुँचाया।
इलाज के बाद, दुर्गम क्षेत्र और सीमित संसाधनों के बावजूद, जवानों ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए मरीज को ट्रैक्टर की मदद से मुतवेंडी तक पहुँचाया। वहाँ से एम्बुलेंस द्वारा उसे जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया। फिलहाल पीड़ित का इलाज जारी है और डॉक्टरों ने उसकी स्थिति को खतरे से बाहर बताया है। सीआरपीएफ 199वीं बटालियन के जवानों की संवेदनशीलता, सेवा भावना और त्वरित कार्रवाई के चलते एक ग्रामीण की जान बचाई जा सकी।







