Home » दुष्कर्म के मामले में निरूद्ध दो नाबालिग शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से दीवार फांदकर हुए फरार
छत्तीसगढ़

दुष्कर्म के मामले में निरूद्ध दो नाबालिग शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से दीवार फांदकर हुए फरार

कोरबा। जिले के शासकीय बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार की सुबह दो नाबालिग फरार हो गए। कटघोरा और पाली थाना क्षेत्र में हुए अनाचार के मामले में पुलिस ने दो नाबालिक के खिलाफ कार्रवाई की थी।

विधि के विरुद्ध संघर्षरत दोनों नाबालिक बालक को सिविल लाइन थाना अंतर्गत रिसदी चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। रोजाना की तरह रात में भोजन के बाद बालगृह के दरवाजे को बंद कर दिया गया था। सुबह शौच के बहाने बाल संप्रेक्षणगृह के पिछले हिस्से में पहुंचे और शौचालय की दीवार से कूदकर फरार हो गए। घटना के कुछ ही देर पहले सुरक्षा में तैनात नगर सैनिक संतोष केवट राउंड के बाद मुख्य द्वार पर बैठा था और पीछे के रास्ते से घटना हो गई। इन दोनों के फरार होने की जानकारी तब लगी जब काफी देर तक दोनों दिखाई नहीं दिए। इसकी सूचना बालक के परिजनों को दी गई और बालक के घर पहुंचने पर तत्काल सूचना देने कहा गया।

रविवार की रात हुआ था निरीक्षण

बता दें कि घटना से पहले रविवार की रात महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी रेणु प्रकाश निरीक्षण के लिए बाल संप्रेक्षण गृह पहुंची थी। उन्होंने बालकों से चर्चा के बाद सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए थे। निरीक्षण के महज कुछ ही घंटे बाद व्यवस्था उजागर हो गई। ऐसा नहीं है कि इस तरह की घटना पहली बार हुई हो, इससे पहले भी अपचारी बालक फरार हो चुके हैं। हाल ही में हुए घटनाक्रम के फरार बालक अभी तक पकड़े नहीं जा सके हैं।

Search

Archives