Home » उरगा-बरबसपुर मार्ग पर दिनदहाड़े बस रोककर लूटपाट, दर्जन भर लड़कों ने दिया घटना को अंजाम
छत्तीसगढ़

उरगा-बरबसपुर मार्ग पर दिनदहाड़े बस रोककर लूटपाट, दर्जन भर लड़कों ने दिया घटना को अंजाम

कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत विगत शाम के वक्त 8-10 लड़क़ों ने मिलकर एक बस के चालक व परिचालक के साथ मारपीट करते हुए लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया।

मिली जानकारी के अनुसार घटना उरगा-बरबसपुर पुलिया के पास शाम करीब 5-6 बजे की है। समीर बस क्रमांक-सीजी 12 बीजे 7506 का चालक और परिचालक सवारियों को बिठाकर गंतव्य की ओर रवाना हुए थे। बस उरगा-बरबसपुर के पास पहुंची थी कि 8-10 लड़क़ों ने बस के सामने अपनी गाड़ी अड़ा दिया, जिससे बस को रोकना पड़ा। बस के रुकते ही परिचालक को कॉलर पकड़कर नीचे उतारा और मारपीट कर लूटपाट की गई। जब चालक बीच-बचाव करने पहुंचा तो उसे मारने के लिए एक युवक ने पत्थर उठा लिया। इस दौरान अन्य वाहन के चालक भी रूक गए। काफी शोर-शराबे के बीच करीब 3500 से 4000 रुपए की राशि लूट कर सभी लड़क़े भाग निकले। चालक ने घटना की जानकारी बस के मालिक को दी, जो चालक-परिचालक को लेकर उरगा थाना पहुंचे। पुलिस द्वारा कंट्रोल रूम से संपर्क कर जानकारी दी गई। समाचार लिखे जाने तक यह जानकारी मिली है कि कुछ लड़क़ों की पहचान ग्राम तरदा निवासी के रूप में हुई है।

सड़क मार्ग में यात्रा करने वाले सुरक्षित नहीं

कोरबा से आसपास के जिलों में दुपहिया या चार पहिया से यात्रा करने वाले अब अपने आपको असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। आए दिन मार्ग में लूटपाट के घटनाएं सामने आ रही हैं। कई दुपहिया सवार सुनसान रास्ते से होकर यात्रा करते हैं। इस बीच लूटपाट की घटनाएं आम हो गई है। ज्यादातर घटनाएं शाम ढलने के बाद होती हैं। ऐसे में शाम ढलने के बाद सड़क मार्गो में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाना आवश्यक हो जाता है।

 

Search

Archives