Home » एक लड़की के दो प्रेमी’, एक ने दोस्तों के साथ लाठी डंडे से पीटकर दूसरे को उतारा मौत के घाट
छत्तीसगढ़

एक लड़की के दो प्रेमी’, एक ने दोस्तों के साथ लाठी डंडे से पीटकर दूसरे को उतारा मौत के घाट

दुर्ग। जिले में लव ट्रायंगल के चलते एक युवक का मर्डर हो गया है। लड़की के प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ देर रात पहले प्रेमी को लाठी डंडों से इतना मारा की उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस लड़की सहित 5 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

दुर्ग एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि घटना पद्मनाभपुर थाना अंतर्गत सिविल लाइन एरिया का है। यहां एक लड़की और लड़का चेतन साहू काफी समय पहले रहते थे। दोनों की मां पुलिस विभाग में हैं। चेतन लड़की से प्यार करता था। इसी बीच लड़की की मां का ट्रांसफर सरगुजा की तरफ हो गया और वो उसके साथ वहां रहने चली गई, लेकिन चेतन का प्यार कम नहीं हुआ।

लड़की सरगुजा जाने के बाद लुकेश साहू नाम के लड़के से प्यार करने लगी थी, लेकिन चेतन लगातार उसे फोन करके परेशान करता रहता था। 24 दिसंबर को लड़की अपनी मां के साथ दुर्ग आई थी। जब ये बात चेतन को पता चली तो वो उसे मिलने के लिए परेशान करने लगा। ये बात लड़की ने अपने प्रेमी लुकेश को बताई। लुकेश के कहने पर लड़की ने चेतन को पुलिस लाइन के पास सिविल लाइन में अपने घर के पास मिलने के लिए बुलाया।

रविवार देर रात 11-12 बजे के करीब जब चेतन लड़की से मिलने पहुंचा तो वहां लुकेश अपने दोस्तों के साथ पहुंचा हुआ था। उसने चेतन को घेर लिया और दोनों में झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि लुकेश ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उसे लाठी डंडों से इतनी मारा की उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

5 संदेहियों से पूछताछ जारी, मुख्य आरोपी फरार

घटना के बाद सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर और पुलिस के अधिकारी रात में मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पीएम के लिए मरचुरी भेज दिया। इधर पुलिस ने रात में ही 5 संदेहियों को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ जारी है। मुख्य आरोपी लुकेश साहू घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस ने पूछताछ के लिए लड़की को भी थाने बुलाया है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी की तो पहचान कर ली है, लेकिन उसके साथ वारदात में और कौन लोग शामिल थे उनकी भी पहचान करने में जुटी है।

Search