
कवर्धा। शादी में उपहारस्वरूप मिले म्यूजिक सिस्टम को चालू करते ही ब्लास्ट हो गया। घटना में दूल्हा समेत दो लोगों की मौत हो गई, वहीं 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम चमारी में निवासरत हिमेंद्र मरावी की शादी दो दिन पहले ग्राम अंजना में हुई थी। इस दौरान म्यूजिक सिस्टम के साथ ही अन्य उपहार मिले थे। उपहारस्वरूप मिले म्यूजिक सिस्टम को घर के सदस्यों ने आज सुबह करीब 11 बजे जैसे ही चालू किया, वह ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना जोर का था कि घटना में दो भाई की मौत हो गई। वहीं डेढ़ साल के मासूम समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ब्लास्ट से घर के छप्पर उड़ गए, वहीं दीवार भी ढह गई। घर में रखा सामान मलबे में दब गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सूरज मरावी, शिवकुमार, दीपक, सौरभ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका ईलाज जारी है।
मामले में एएसपी मनीषा रावटे ने बताया कि शादी में मिले म्यूजिक सिस्टम को घर के सदस्य बजाकर देखना चाह रहे थे और इसी दौरान वह ब्लास्ट हो गया। फोरेंसिक टीम के द्वारा ब्लास्ट के कारणों का पता लगाया जा रहा है कि आखिर इतना बड़ा ब्लास्ट क्यों और कैसे हुआ है।







