रतनपुर। कोटा-रतनपुर मार्ग में एक बार फिर हमले को लेकर सुर्खियों में आ गया है। इस मार्ग में अब यात्रा करना सुरक्षित नहीं। शादी समारोह से लौट रहे तीन युवकों पर बीच रास्ते में जानलेवा हमला कर दिया गया। मामूली कहासुनी इतनी खतरनाक हो गई कि एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम घासीपुर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अजय ध्रुव, राहुल सिदार और रोहित ध्रुर्वे देर रात बाइक से अपने गांव श्रीपारा लौट रहे थे। इसी दौरान लखनीदेवी मंदिर से कुछ दूर पहले सामने से आ रही दूसरी बाइक पर सवार चार युवकों ने उनकी बाइक को खतरनाक तरीके से कट मार दिया। जब पीड़ित युवकों ने उन्हें समझाते हुए कहा कि कैसे बाइक चला रहे हो, तो बात अचानक बिगड़ गई। चारों युवकों ने गाली गलौज शुरू कर दिया। फिर मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपियों में से एक ने धारदार चाकू निकाल लिया और अजय ध्रुव पर हमला बोल दिया। आरोपी ने अजय के गले और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। अजय को गंभीर हालत में देखकर आरोपी मौके से रतनपुर की ओर फरार हो गए। साथी राहुल और रोहित ने हिम्मत दिखाते हुए घायल अजय को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा पहुंचाया, जहां इलाज जारी है।
इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर कोटा-रतनपुर मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय यह मार्ग आसामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुका है। जहां शराब के नशे में लूटपाट, मारपीट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।







