सक्ती। सक्ती जिले में दोस्ती का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें दोस्त ने ही चंद रूपए के लिए दर्दनाक मौत दे दी। महज 1800 रूपए और मोबाईल के एक डिजिटल लॉक (पासवर्ड) के विवाद में दो दोस्तों ने मिलकर अपने ही साथी राहुल कुर्मी को हमेशा के लिए रास्ते से हटा दिया।
यह घटना उस समय हुई जब नशे और पैसों के विवाद ने आक्रामक रूप ले लिया। पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी नारायण यादव और उसके साथी को शिकंजे में ले लिया। पुलिस की शुरूआती जांच के अनुसार राहुल कुर्मी ने अपने दोस्त नारायण यादव के मोबाईल का फेस लॉक बदल दिया था। जेब से 1800 रूपए भी निकाल लिए थे। पैसे गायब होने से भड़के नारायण ने राहुल पर हमला कर दिया और कपड़े से उसका गला घोंटना शुरू कर दिया। राहुल की सांसे चलती दिखी तो दूसरे साथी ने भारी ईट उठाई और राहुल के सिर पर जोरदार प्रहार कर उसे नॉकआउट कर दिया। सक्ती पुलिस ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उनके पास से लूटे गए पैसे और वारदात में इस्तेमाल मोबाईल भी बरामद कर लिया है।







