बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम डगनिया- खैरा स्थित खारून नदी के झाप बाड़ी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान महेन्द्र कुमार कश्यप् पिता हर प्रसाद कश्यप उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम 5 बजे के आसपास ट्रैक्टर चालक महेन्द्र कश्यप् बिना नंबर की स्वराज ट्रैक्टर में रेत भरकर घाट से गांव की ओर लौट रहा था। इसी दौरान उसने ट्रैक्टर को तेज एवं लापरवाहीपूर्वक चलाना शुरू कर दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। संतुलन बिगड़ने से वह ट्रैक्टर के इंजन से गिर गया और चक्के की चपेट में आ गया।
हादसे में उसका सिर बुरी तरह से कुचल गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। जिसके बाद इसकी सूचना सीपत थाना पुलिस को दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर में रेत भरी हुई थी और दुर्घटना के समय अन्य लोग भी वहां मौजूद थे। सूचना पर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आगे की जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।







