Home » पोंड़ी उपरोड़ा में दर्दनाक हादसाः बांगो थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
छत्तीसगढ़

पोंड़ी उपरोड़ा में दर्दनाक हादसाः बांगो थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

पोंड़ी उपरोड़ा। जिले के बांगो थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे-130 पर रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से नोहर साय सारथी नामक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे पोंड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में मातम छाया हुआ है और स्थानीय लोगों में तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ गहरा आक्रोश है।

दुकान बंद कर लौट रहा था घर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पोंड़ी उपरोड़ा के शंकरडुगू मोहल्ला निवासी नोहर साय (पिता चैन साय) मुख्य सड़क किनारे अंडे की दुकान संचालित करता था। वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। 1 मार्च 2026 की रात लगभग 8 बजे अपनी दुकान मंगल कर वह अपनी मोटरसाइकिल (बजाज डिस्कवर, क्रमांक सीजी 12 एएक्स 1854) से कोनकोना की ओर गया था।

हादसे की भयावहता

रात करीब 10 बजे वह हाउसिंग बोर्ड कालोनी के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नोहर साय के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने तुरंत डायल 112 को सूचना दी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए पोंड़ी उपरोड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

आरोपी की तलाश जारी

देर रात होने के कारण परिजनों ने 2 मार्च को बांगो थाना पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर फरार वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही हैं।

Search

Archives