मनेन्द्रगढ़। एमसीबी जिले की सिटी कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता और तत्परता का परिचय देते हुए मंदिर में हुई चोरी की घटना का तेजी से खुलासा कर दिया। भगवान के मुकुट की चोरी से क्षेत्र में फैली चिंता के बीच पुलिस ने महज कुछ ही समय में कार्यवाही करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ना केवल चोरी गया चांदी का मुकुट बरामद किया, बल्कि आमजन के बीच विश्वास भी मजबूत किया है। यह पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के निर्देशन में अंजाम दी गई, जिनके मार्गदर्शन में टीम ने त्वरित रणनीति बनाकर मामले को सुलझाया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 18 चनवारीडांड निवासी संदीप कुमार मिश्रा जो चोला मंडलम कंपनी में वित्तीय कार्य करते हैं और स्थानीय हनुमान मंदिर की देखरेख भी करते हैं, ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 28 मार्च को दोपहर लगभग 2 बजे पूजा-अर्चना के बाद मंदिर का दरवाजा बंद कर वे अपने घर चले गये थे, लेकिन शाम करीब 5 बजे जब वे वापस मंदिर पहुंचे तो देखा कि भगवान की मूर्ति पर स्थापित चांदी का मुकुट गायब है। मंदिर जैसे आस्था के केंद्र में चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़क़ंप मच गया।
सूचना मिलते ही शेष नारायण मिश्रा, विरेन्द्र सिंह, मनोज मिश्रा सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर नाराजगी जताई। घटना की गंभीरता को समझते हुए सिटी कोतवाली पुलिस ने बिना देर किये जांच शुरू कर दी। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।







