Home » मुंडेर पर बैठकर पी रहा था बीड़ी, संतुलन बिगड़ने पर 25 फीट गहरे कुएं में गिरा, युवक की मौत
छत्तीसगढ़

मुंडेर पर बैठकर पी रहा था बीड़ी, संतुलन बिगड़ने पर 25 फीट गहरे कुएं में गिरा, युवक की मौत

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में गुरूवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना ग्राम अमाली की है, जहां युवक कुएं की मुंडेर (जगत) पर बैठकर बीड़ी पी रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे कुएं में जा गिरा। मृतक की पहचान टुडेश्वर यादव 35 वर्ष पिता नंदलाल यादव निवासी ग्राम अमाली के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के कुएं में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। कुएं में 20 से 25 फीट पानी था, जिसकी वजह से वह गहराई में डूब गया और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की तथा मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि युवक का संतुलन किन परिस्थितियों में बिगड़ा। इस दर्दनाक घटना के बाद ग्राम अमाली में शोक का माहौल है।

Search

Archives