Home » 16 दिन पहले टूटी थी शादी, अब उसी दूल्हे के साथ लिए सात फेरे! दूल्हे ने बताई पूरी सच्चाई
छत्तीसगढ़

16 दिन पहले टूटी थी शादी, अब उसी दूल्हे के साथ लिए सात फेरे! दूल्हे ने बताई पूरी सच्चाई

23 जून को वायरल हुआ था मंडप का वीडियो

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में 16 दिन पहले सुर्खियों में आई शादी ने अब नया मोड़ ले लिया है। मंडप में दूल्हे पर नशे में होने का आरोप लगाकर शादी से इनकार करने वाली मुस्कान प्रधान ने अब उसी दूल्हे संत कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया है। दोनों ने खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर में सात फेरे लेकर अपने रिश्ते को नया अवसर दिया।

23 जून को वायरल हुआ था मंडप का वीडियो

23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में आयोजित विवाह समारोह के दौरान मुस्कान ने दूल्हे पर नशे में होने का आरोप लगाते हुए शादी से इनकार कर दिया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया। उस समय मुस्कान के फैसले की कई लोगों ने सराहना की थी और बाद में उन्हें परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य की जिम्मेदारी भी दी गई थी।

बातचीत से दूर हुई गलतफहमियां

शादी टूटने के बाद भी मुस्कान और संत कुमार के बीच बातचीत जारी रही। दोनों के अनुसार, उन्होंने घटना को लेकर विस्तार से चर्चा की और धीरे-धीरे उनके बीच की गलतफहमियां दूर हो गईं। इसके बाद दोनों ने अपनी मर्जी से दोबारा साथ जीवन बिताने का फैसला किया। गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र से निकलकर सीधे संत कुमार के गांव खोखरा पहुंचीं, जहां मनका दाई मंदिर में दोनों परिवारों के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न हुआ।

मोबाइल बंद होने पर पुलिस ने शुरू की तलाश

परिवार परामर्श केंद्र से निकलने के बाद जब मुस्कान घर नहीं पहुंचीं और उनका मोबाइल भी बंद मिला, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के अनुसार पुलिस और साइबर टीम ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मुस्कान खोखरा के मनका दाई मंदिर में संत कुमार से विवाह कर चुकी हैं।

दूल्हे का दावा- कोल्ड ड्रिंक में मिलाया गया था नशीला पदार्थ

संत कुमार ने दावा किया कि उन्होंने कभी शराब का सेवन नहीं किया। उनके अनुसार, शादी वाले दिन किसी ने उनकी कोल्ड ड्रिंक में कथित रूप से नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और लोगों को लगा कि वे नशे में हैं। उनका कहना है कि पूरी घटना एक साजिश का हिस्सा थी। बाद में उन्होंने मुस्कान को पूरी बात समझाई, माफी मांगी और दोनों ने आपसी सहमति से अपने रिश्ते को नया मौका देने का निर्णय लिया।

फिर चर्चा में आया मामला

16 दिन पहले जिस शादी के टूटने की खबर पूरे प्रदेश में सुर्खियों में थी, वही रिश्ता अब दोबारा जुड़ने के बाद एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, दूल्हे के ‘कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाने’ वाले दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

Search

Archives