Home » मनियारी नदी में मिली युवक की लाश… चाकू से गोदकर की गई हत्या, लाश पत्थर से बांधकर फेंका
छत्तीसगढ़

मनियारी नदी में मिली युवक की लाश… चाकू से गोदकर की गई हत्या, लाश पत्थर से बांधकर फेंका

मुंगेली। लोरमी नगर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित कंकालिन मंदिर के पीछे मनियारी नदी में एक 26 वर्षीय युवक दशरथ वर्मा पिता प्यारेलाल वर्मा की चाकुओं से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। शव को पत्थर से बांधकर नदी में फेंका गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही मुंगेली साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को 28 और 29 जून की मध्यरात्रि गिरफ्तार कर लिया। मृतक दशरथ वर्मा वार्ड 2 डबरीपारा का निवासी था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात नशे की हालत में की गई। आरोपियों ने पहले युवक पर चाकुओं से 20 से अधिक बार वार किए, फिर शव को तार और पत्थरों से बांधकर मनियारी नदी में फेंक दिया। मोबाइल भी पानी में फेंक दिया गया, ताकि पहचान न हो सके। साइबर प्रभारी सुशील बंछोर, नरेश यादव और टीम के अन्य सदस्य लोकेश राजपूत, यशवंत डाहिरे, हेम सिंह राजपूत, राहुल यादव और रवि मिंज की तत्परता से घटना का खुलासा हो सका।

पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव और हत्या में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया है। फारेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। एसडीओपी नवनीत पाटिल ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। हत्या के पीछे की वजह को लेकर गहराई से जांच की जा रही है। शुरूआती जानकारी के अनुसार पुरानी रंजिश और व्यक्तिगत विवाद की आशंका है। पुलिस ने पंचनामा उपरांत पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आरोपियों के विरूद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।

Search

Archives