अज्ञात बाइक सवार 2 आरोपियों ने दिया घटना को अंजाम
बिलासपुर। थाना तखतपुर क्षेत्र अंतर्गत मटसगरा मोड़ के पास झपटमारी की एक घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 3 (5) एवं 304 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुरेश कुमार ध्रुव निवासी वार्ड गणेश नगर बिलासपुर जो रोजी मजदूरी का कार्य करते हैं। उन्होंने थाना तखतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 6 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 12.30 बजे अपने रिश्तेदार के यहां ग्राम पोंगरिया पहुंचे थे। शाम करीब 4.30 बजे वे अपनी पत्नी शारदा ध्रुव और सास सरस्वती ध्रुव के साथ बाइक से बेलपान मेला देखने गए थे। मेला देखने के बाद जब वे वापस पोंगरिया लौट रहे थे, तभी मटसगरा मोड़ के पास पीछे से एक पल्सर बाइक में दो व्यक्ति सवार होकर पहुंचे। पल्सर में पीछे बैठे व्यक्ति ने चलती बाइक से प्रार्थी की पत्नी शारदा ध्रुव के गले से झपट्टा मारकर सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। छीने गए मंगलसूत्र की कीमत लगभग 35 हजार रूपए बताई गई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू कर दी है।







