कोरबा। एसईसीएल के आवासों में बाहरी व्यक्तियों का कब्जा है। कई ठेकेदार ऐसे हैं जो अपने आवास को खाली नहीं कर रहे हैं। समय-समय पर इनको प्रबंधन के द्वारा नोटिस दिया जाता रहा है। इसके बावजूद भी वे आवास को खाली करने के लिए तैयार नहीं हैं।
एसईसीएल कोरबा पूर्व क्षेत्र के कालोनी में कई ऐसे आवास हैं, जिस पर गैर एसईसीएल कर्मचारियों का कब्जा है। कोयला कामगारों को आवास कम पड़ऩे के कारण इस मुद्दे को केएसएस के अनूप सरकार, धनंजय सिंह, डी.पी.सिंह, संतोष टंडन ने जोर-शोर से उठाया। मुख्यालय में आयोजित आईआर बैठक में केएमएस कुसमुंडा एरिया के समार सिंह व शॉजी जॉन ने भी इस मामले को उठाते हुए कहा कि इस क्षेत्र में सीआईएसएफ के जवानों को आवास दिए गए थे। उनका कार्य समाप्त हो चुका है, अब वे दूसरे स्थानों पर काम करते हैं। ऐसे लोगों से आवास खाली कराकर कोयला कामगारों को आवास दिया जाए। कुसमुंडा क्षेत्र में बाहर से स्थानांतरण होकर कोयला कामगार आ रहे हैं। उनके लिए आवासों की कमी हो रही है।







