बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में शराब की हेराफेरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया है। प्रार्थी जयकरण सिंह पिता कमलेश बिहारी सिंह 37 वर्ष निवासी सरकारी दफाई छोटा बाजार चिरमिरी ने थाना सिरगिट्टी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
प्रार्थी ने बताया कि वह अशोक लिलेन्ड 1615 क्रमांक सीजी 10 एक्यू 3547 का मालिक है। 9 जून को उसने अपने वाहन में सिरगिट्टी अंग्रेजी शराब डिपो से कुल 15,12,689 रूपए मूल्य की अंग्रेजी शराब और बियर लोड कर वाहन चालक रामनाथ यादव निवासी अहिरन मोहल्ला कोटमी जिला अनूपपुर मध्यप्रदेश को रायगढ़ के केवड़बाड़ी स्थित शराब दुकान भेजा था। लेकिन वाहन चालक रामनाथ यादव ने गंतव्य पर शराब दुकान में वाहन छोड़कर फरार हो गया। 10 जून की शाम 7.30 बजे रायगढ़ के केवड़ाबाड़ी शराब दुकान के सुपरवाइजर ने प्रार्थी को फोन कर सूचना दी। जिसके बाद मौके पर पहुंचा। आबकारी विभाग की उपस्थिति में वाहन खाली कराया गया, जहां शराब के कई कीमती ब्रांड की कुल 1,03,950 रूपए मूल्य की शराब और बियर गायब पाई गई। गायब शराब में विभिन्न प्रकार के ब्रांड शामिल हैं। घटना की पुष्टि आबकारी विभाग रायगढ़ द्वारा मौके पर पंचनामा बनाकर की गई। प्रार्थी को आशंका है कि चालक रामनाथ यादव ने रायगढ़ के केवड़बाड़ी क्षेत्र में ही शराब की हेराफेरी की है। पुलिस ने आरोपी चालक के विरूद्ध धारा 316-3 बीएनएस के तहत अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस चालक की तलाश में जुट गई है। मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।







