Home » दर्दनाक हादसा : कुंए में डूबने से 2 सगे भाईयों की मौत, आक्सीजन नहीं मिलने की आशंका
छत्तीसगढ़

दर्दनाक हादसा : कुंए में डूबने से 2 सगे भाईयों की मौत, आक्सीजन नहीं मिलने की आशंका

बिलासपुर। जिले के कोटा थाना के बेलगहना पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत करही कछार के डीपरापारा मोहल्ले में शुक्रवार की शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कुएं में डूबने से दो सगे भाईयों की मौत हो गई। यह हृदयविदारक घटना उस समय हुई जब दोनों भाई एक पुराने कुएं की सफाई कर रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम छा गया। परिजन और ग्रामीणों में शोक है।

मिली जानकारी के अनुसार करहीकछार निवासी दिलीप पटेल 35 वर्ष शाम लगभग 5 बजे अपने घर के पास स्थित कुएं की सफाई करने के लिए कुएं में उतरे थे। सफाई के दौरान अचानक उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी और वे कुएं में ही बेहोश होकर डूबने लगे। यह देख उनके छोटे भाई दिनेश पटेल ने बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के उन्हें बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। लेकिन कुएं के भीतर ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण वे भी फंस गए और बेहोश हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और बेलगहना पुलिस चौकी को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया। साथ ही एसडीआरएफ की टीम भी बुला ली गई। देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा। जहां दोनों भाईयों के शव को कुएं से बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के लिए मरच्युरी रिफर कर दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार यह कुआं कई वर्षो से उपयोग में नहीं था। उसमें गैस भरने या आक्सीजन की कमी की आशंका पहले से जताई जा रही थी। दोनों भाईयों की इस तरह अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशांसन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Search

Archives