बालोद। जिले के गुण्डरदेही स्थित रामसागर तालाब में एक हैरान करने वाला अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां तालाब में युवक को मृत समझ भीड़ जुटने लगी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस पहुंची तो युवक अचानक उठ बैठा, युवक नशे की हालत में मिला। यह देख सभी के होश उड़ गए।
युवक के डूबने की सूचना पर मंगलवार को हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक को पानी में अचेत पड़ा देखा। लोगों ने मृत समझ लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन जब पुलिस उसे बाहर निकालने पहुंची तो वह अचानक उठकर बैठ गया। यह देखकर मौके पर मौजूद लोग और पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।
युवक की पहचान सूरज ठाकुर, पिता भोला ठाकुर, निवासी गुण्डरदेही के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह शराब के नशे में था। पुलिस ने युवक से पूछताछ कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।







