Home » बच्चों के खाने में फिनाइल मिलाने की शिकायत के बाद मचा हड़कंप, आरोपी शिक्षक निलंबित
छत्तीसगढ़

बच्चों के खाने में फिनाइल मिलाने की शिकायत के बाद मचा हड़कंप, आरोपी शिक्षक निलंबित

सुकमा।  सुकमा जिले के छिंदगढ़ ब्लॉक के ग्राम पाकेला स्थित पोटाकेबिन (छात्रावास) में अध्ययनरत 400 छात्रों के लिए तैयार सब्जी में फिनाइल डाल दिया गया था, जिसकी बदबू आने की वजह से सब्जी परोसा नहीं गया। बच्चों के खाने में फिनाइल मिलाने की शिकायत के बाद हड़कंप मच गया। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की और पूरी व्यवस्था की समीक्षा की है।

विद्यालय में कार्यरत शिक्षक धनंजय साहू पर गंभीर आरोप लगे हैं। उनके खिलाफ पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और हिरासत में लेने के बाद प्रशासन ने उन्हें निलंबित कर दिया है। अब निलंबन अवधि में उन्हें केवल भत्ता मिलेगा।

प्रशासन ने अधीक्षक स्तर पर भी बदलाव किए हैं। दुजाल पटेल को उनके दायित्व से मुक्त कर दिया गया और उन्हें जिला परियोजना कार्यालय में जोड़ा गया है। उनकी जगह गौतम कुमार ध्रुव को नया अधीक्षक बनाया गया है। इसी तरह सहायक अधीक्षक भवन सिंह मंडावी को हटाकर रतन सिंह पैकरा को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर ध्रुव ने कहा है कि बच्चों की पढ़ाई, सेहत और सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है। इस प्रकार की लापरवाही को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आवासीय विद्यालयों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने का आदेश जारी किया गया है।

Search

Archives