Home » एसएसबी जवान ने सर्विस रायफल से खुद को मारी गोली, कैंप में मचा हड़कंप, मौके पर मौत
छत्तीसगढ़

एसएसबी जवान ने सर्विस रायफल से खुद को मारी गोली, कैंप में मचा हड़कंप, मौके पर मौत

भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। अंतागढ़ के पास कुहचे गांव स्थित एसएसबी कैंप में एक जवान ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसएसबी के अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गए हैं।

हवलदार के पद पर तैनात था जवान

जानकारी के मुताबिक, मृतक जवान की पहचान आनंद प्रकाश तिवारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और कुहचे स्थित एसएसबी कैंप में हवलदार के पद पर तैनात था। बताया जा रहा है कि सोमवार को अज्ञात कारणों के चलते जवान ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस और अधिकारियों ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही कैंप के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। इसके बाद संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके के लिए रवाना किया गया है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जवान ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद घटना से जुड़ी अन्य जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Search