बिलासपुर। शहर के तारबहार थाना क्षेत्र में देर रात हुए एक दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। हादसा अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड जाने वाले मार्ग पर होटल हेवेन्स पार्क के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराई।
मिली जानकारी के अनुसार तालापारा निवासी जैदर खान 29 वर्ष देर रात अपनी स्कूटी से किसी काम से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि जब वह अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड की ओर बढ़ रहे थे, तभी अचानक उनकी स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया। इससे स्कूटी सीधे डिवाईडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल मे डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषिसत कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तारबहार पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।







