बिलासपुर। रक्षाबंधन की खुशियां का माहौल एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पत्नी की मौत हो गई। मामला थाना सकरी क्षेत्र के कोटा के पास का है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी कोमल राम पाटले निवासी कोटा मोड़ सकरी 12 अगस्त की रात अपनी पत्नी पूनम पाटले के साथ गांव झलरी से रक्षाबंधन मनाकर बाइक सीजी 28 के 8716 से घर अमेरी लौट रहे थे। भोर में 4.30 बजे के आसपास जैसे ही दंपती कोटा मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से आ रही स्कूटी सीजी 10 बीजे 8245 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में पूनम पाटले को गंभीर चोटे आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गई। राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत सिम्स अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना पर सकरी पुलिस मौके पर पहुंची। स्कूटी चालक के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच कार्यवाही में जुट गई है।







