पचपेड़ी। नाबालिग को शादी का झांसा देकर साथ ले जाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरूद्ध अपहरण और दुष्कर्म सहित पाक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। नाबालिग को पुलिस ने 9 माह बाद बरामद किया है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना में प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसकी नाबालिग पुत्री 2 मार्च 2023 की शाम घर में बिना बताए कही चली गई है। परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण का संदेह व्यक्त किया गया था। प्रार्थी की रिपोर्ट पर धारा 363 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान साइबर सेल से संदेही का कॉल डिटेल के आधार पर अमित दास मानिकपुरी का लोकेशन राजस्थान के ग्राम मोलासार तहसील डिडवना जिला नौगार में होना पाया गया। इस पर थाना से एक टीम को नौगार रवाना किया गया। नौगार में आरोपी के कब्जे से नाबालिग को बरामद कर लिया गया। राजस्थान से लौटने के बाद महिला विवेचक से पीड़िता का कथन कराया गया। इस आधार पर धारा 366, 376, भादवि 4, 6 पाक्सों एक्ट जोड़ा गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर केन्द्रीय जेल बिलासपुर भेजा गया है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी उनि ओमप्रकाश कुर्रे, उनि पिल्लू राम मंडावी, सउनि मानिकलाल लहरे, आरक्षक ओमप्रकाश खुंटे, प्रीतम मरावी, महिला आरक्षक नीता यादव का विशेष योगदान रहा।







