Home » बगबुड़ा में हुए हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, पुत्र गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

बगबुड़ा में हुए हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, पुत्र गिरफ्तार

कबीरधाम। बीते दो जून को थाना पांडातराई अंतर्गत ग्राम महली (बगबुड़ा) में हुए हत्याकांड का आज बुधवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे को गिरफ्तार किया है। हत्या का कारण संपत्ति विवाद बताया जा रहा है। बोड़ला एसडीओपी अखिलेश कौशिक ने बताया कि दो जून को ग्राम बगबुड़ा निवासी रामगुलाल मेरावी, पिता स्व. अमरसिंह मेरावी,  40 वर्ष का शव उसके घर के कमरे में मिला था।

मृतक के गले में धारदार हथियार से हमला किए जाने  निशान थे। घटनास्थल पर मृतक के घर के आंगन में खून से सना एक टंगिया भी बरामद हुआ, जिससे घटना की गंभीरता और निर्ममता उजागर हुई। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू की गई। यह जानकारी प्राप्त हुई कि ग्राम डेहरी पथरा निवासी गणपत धुर्वे व उनकी पत्नी नागिन धुर्वे भी मौके पर मौजूद थे,जो स्वयं भी हमले में घायल हुए थे।

दोनों को थाना तलब कर पूछताछ की गई, जिनसे यह तथ्य सामने आया कि मृतक की हत्या उसी के पुत्र लवकेश कुमार मेरावी उर्फ गजरू  19 वर्ष द्वारा की गई है। उन्होंने बताया कि लवकेश ने अपने पिता पर तीर व टंगिया से जानलेवा हमला कर हत्या की तथा उनके साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया तथा घटना में प्रयुक्त हथियार को मौके से बरामद करवाया। आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घटना के कारणों की गहन जांच जारी है।

 

कबीरधाम जिले में बीते तीन दिन यानि सोमवार से लेकर आज बुधवार तक तीन हत्या के मामले सामने आ चुके है। अब तीसरी हत्या सिंघनपुरी जंगल थाना अंतर्गत बामी गांव का है। गर्मी के कारण घर के बाहर परछी में सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की अज्ञात आरोपी ने जिंदा जलाकर हत्या कर दी। आग के धुएं से परिजनों की नींद खुली तब बुजुर्ग को जलते देखा।  इस वारदात के बाद बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी।

सूचना के बाद आज सुबह पुलिस की टीम मौके पर पहुंची व पंचनामा के बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा है। घटना स्थल पर डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक की टीम को भेजा गया है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। जिले में यह घटना तीन दिनों में तीसरी हत्या है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग बेहद डरे हुए हैं। अब तक तीन हत्या मामले में पुलिस ने केवल पांडातराई थाना क्षेत्र के मामले के आरोपी को गिरफ्तार किया है। बीते सोमवार को पुलिस चौकी पोंड़ी के ग्राम प्रभाटोला व आज के हत्याकांड का अब तक कोई खुलासा नहीं हुआ है।

Search

Archives