रायगढ़। रायगढ़ में गुरुवार को हुई चंद मिनटों की बारिश से रेलवे अंडर ग्राउंड पुल के भीतर घुटनों तक शहर का गंदा पानी भर गया। जिससे ना केवल वहां से गुजरने वाले लोग फंसे बल्कि अंडर ब्रिज को पार करने और उसके आसपास से गुजरने के दौरान बाईक सवार, स्कूली छात्र भी गिर पड़े जिससे उन्हें चोटें भी लगी।
रेलवे अंडर ब्रिज में हर साल बारिश के दिनों में जलभराव की स्थिति निर्मित होती है। लिहाज़ा बारिश में नाले का गंदा पानी इसमें ना भरे, इसलिए कई दिनों तक यहां आवागमन बंद कर साफ सफाई भी की जाती है, लेकिन चंद मिनटों की बारिश में वह सफाई भी काम नहीं आई और अंडर ब्रिज में घुटनों तक नाले का गंदा पानी भर गया।
इस दौरान यहां से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, घुटने तक पानी भरे होने पर भी कुछ बाईक सवार लोगों ने इसे पार करने की कोशिश की, लेकिन उनकी गाड़ी पानी मे जा फंसी और वे गिर पड़े। इतना ही नहीं ब्रिज के बाहर आसपास भी इस कदर पानी भर गया कि वहां से गुजरने वाले राहगीर और स्कूली छात्र भी स्कूटी समेत गिर पड़े।
इस रास्ते से आवागमन करने वाले राहगीरों को बारिश के दिनों में जल भराव की स्थिति में अन्य लंबे मार्ग का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में कुछ लोग इतने पानी में भी इस ब्रिज को पार करने की जद्दोजहद करने लगते हैं। नतीजतन वे ना केवल बीच में ही फंस जाते हैं, बल्कि दुर्घटना का भी शिकार होते हैं।







