रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भटगांव में इंटर-स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) पर देर रात पार्किंग में खड़ी पांच बसें आग लगने से जलकर राख हो गईं। इस घटना से बस ऑपरेटरों में दहशत फैल गई है। बदमाशों पर आग लगाने का शक है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना मंगलवार देर रात की है। पार्किंग में खड़ी बसों में अचानक आग लग गई, जिससे पांच बसें जल गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें बसें आग की लपटों में घिरी हुई दिख रही हैं।
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक गाड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं।







