बिलासपुर। थाना सीपत क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला के साथ छलपूर्वक और धोखाधड़ी कर 49 हजार रूपए ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी दुर्गेश कुमार साहू निवासी ग्राम नेवसा सेमरीपारा थाना रतनपुर ने थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थी ने बताया कि 23 जनवरी की दोपहर करीब 12 बजे वह अपनी नानी उर्मिला बाई साहू और भाई अंशुमन साहू के साथ बाइक से ग्राम सीपत के जिला सहकारी बैंक आए थे। यहां से उनकी नानी के खाते से 49 हजार रूपए निकासी की गई, जिसे दुर्गेंश ने अपनी जेब में रखा था। इसके बाद तीनों यूनियन बैंक सीपत पहुंचे, जहां अंशुमन का आधार सेडिंग कराया जाना था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति खुद को दूर का रिश्तेदार बताकर उनसे मिला और दुर्गेश को भांजा कहकर बातों में उलझाया। उसने एनटीपीसी सीपत में नौकरी लगवाने का झांसा देकर आधार कार्ड की मांग की और च्वाइस सेंटर चलने को कहा। दुर्गेशरूपए अपनी नानी को देकर च्वाइस सेंटर चला गया। वहां आरोपी ने बहाने से दुर्गेश की बाइक की चाबी लेकर गाड़ी ले गया।
उधर आरोपी यूनियन बैंक पहुंचा और उर्मिला बाई साहू को यह कहकर अपने टीवीएस एक्सल में बैठा लिया कि उनका नाती उन्हें बुला रहा है। रास्ते में उसने रूपए सुरक्षित रखने के बहाने से बाइक की डिग्गी में रखवा लिए और ग्राम जांजी के पास महिला को उतारकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।







