Home » मस्तूरी में भीषण आग : आरा मिल के पीछे 9 मकान जलकर खाक, लाखों का नुकसान
छत्तीसगढ़

मस्तूरी में भीषण आग : आरा मिल के पीछे 9 मकान जलकर खाक, लाखों का नुकसान

बाल-बाल बचे कई परिवार

मस्तूरी। थाना मस्तूरी क्षेत्र में शुक्रवार रात एक भीषण आगजनी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जोंधरा चौक के पास स्थित यादव आरा मिल के पीछे बने रिहायशी मकानों की एक चाल में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में एक साथ 9 मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए। मकानों में रखा सारा सामान जल गया। केवल दीवारें ही शेष रह गई।

मिली जानकारी के अनुसार यादव आरा मिल के पीछे चोलाराम यादव की चाल में किरायेदार परिवार लंबे समय से निवास कर रहे थे। शुक्रवार रात करीब 8 बजे एक बंद मकान, जिसमें रहने वाला युवक कही बाहर गया हुआ था। अचानक आग की चपेट में आ गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शार्ट सर्किट या किसी ज्वलनशील सामग्री के कारण यह हादसा हुआ होगा। आग लगते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया, जिससे चाल में रहने वाले अन्य परिवार सतर्क हो गए। समय रहते अपने घरों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। मकान जलकर पूरी तरह राख हो चुके थे। बताया जा रहा है कि मकानों के छतें कच्ची और लकड़ी की बनी होने के कारण आग ने तेजी से फैलकर सब कुछ राख में तब्दील कर दिया। इस भीषण आगजनी से आसपास के रहवासी भी सहम गए। क्योंकि आग के और फैलने की आशंका बनी हुई थी।

हालांकि समय रहते दमकल विभाग की तत्परता से बड़ी दुर्घटना टल गई और अन्य मकानों को बचा लिया गया। फिलहाल इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। जो एक राहत की बात है, लेकिन प्रभावित परिवारों को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। प्रशासन द्वारा सुबह घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आंकलन किया गया। यह घटना एक बार फिर रिहायशी इलाकों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की कमी को उजागर करती है।

Search

Archives