Home » पंजाब से बिहार ले जाया जा रहा था शराब का जखीरा, 22 लाख रूपए की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ 2 गिरफ्तार
छत्तीसगढ़

पंजाब से बिहार ले जाया जा रहा था शराब का जखीरा, 22 लाख रूपए की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ 2 गिरफ्तार

जशपुर। पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत अवैध शराब तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे 43 पर 426 कार्टून में भरी 3825 लीटर अंग्रेजी शराब जप्त की है। जप्त शराब की बाजार में अनुमानित कीमत 22 लाख रूपए  से अधिक है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक (क्रमांक RJ-09-GE-0124) को भी जप्त कर लिया है और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस को 7 अक्टूबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक (RJ-09-GE-0124) में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लोड है, जिसे पंजाब/हरियाणा से जशपुर होते हुए झारखंड के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा है।

पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम आगडीह के पास नेशनल हाइवे 43 पर नाकाबंदी की। संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी लेने पर, ट्रक की ट्रॉली में भूसी की बोरियों के नीचे छुपाकर रखे गए 426 कार्टून में अंग्रेजी शराब मिली। ट्रक चालक सहित दो व्यक्तियों, रणवीर सिंह (42) और जगदीप सिंह (30), दोनों निवासी पंजाब, को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें रोहतक (हरियाणा) से रांची (झारखंड) तक ट्रक ले जाने के लिए ₹50,000 दिए गए थे। वहां से कोई अन्य व्यक्ति ट्रक को लेकर बिहार जाने वाला था। पुलिस को संदेह है कि इस तस्करी में एक बड़ा और शातिर सिंडिकेट शामिल है, जो टोल नाका और पुलिस नाका कम होने वाले रास्तों का उपयोग करता है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध सिटी कोतवाली जशपुर में आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Search

Archives