राजनांदगांव। थाना कोतवाली क्षेत्र के मानव मंदिर चौक में 26 नवंबर की रात लगभग 11ः05 बजे अनूप यादव और महफूज खान के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान महफूज खान ने धारदार चाकू से अनूप यादव पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी राहुल देव शर्मा, जो उस समय कॉम्बिंग गश्त पर नंदई चौक की ओर थे, मात्र सात मिनट में पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंची त्वरित कार्रवाई पुलिस की तत्परता का उदाहरण बनी।
घायल अनूप यादव को तत्काल पुलिस द्वारा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां पांच डॉक्टरों की टीम ने पुलिस की निगरानी में उपचार शुरू किया। उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है, पर बेहतर इलाज के लिए उसे रायपुर रेफर किया गया। घटना के करीब 15 से 20 मिनट बाद पुलिस ने आरोपी महफूज खान को हिरासत में लेकर उसके अपराध की पुष्टि की। प्रारंभिक जांच से पता चला कि आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड है, वहीं घायल अनूप यादव पर भी पांच से अधिक प्रकरण दर्ज हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकित शर्मा रात 12 बजे ही मानव मंदिर चौक पहुंचीं और घटना स्थल का निरीक्षण किया। वरिष्ठ अधिकारियों की तत्काल मौजूदगी और पुलिस टीम की तेज कार्रवाई से स्थिति पर शीघ्र नियंत्रण पाया गया।
आरोपी को आज न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पुलिस का प्रयास है कि इस प्रकरण को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपी को जल्द और कठोर सजा दिलाई जाए। राजनांदगांव पुलिस ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वे और अधिक सतर्कता व सक्रियता के साथ कार्य करेंगे।







