Home » जनकपुर नगर में जंगली भालू की आमद, लोगों के लिए बना कौतूहल
छत्तीसगढ़

जनकपुर नगर में जंगली भालू की आमद, लोगों के लिए बना कौतूहल

एमसीबी, जनकपुर। जिले का वनांचल ब्लाक मुख्यालय जनकपुर नगर के बस्ती क्षेत्र में इन दिनों एक जंगली भालू की आए दिन आमद लोगों के बीच कौतूहल का विषय बनी हुई है। भालू को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जुट रही है। कई लोग उत्सुकता में उसके पास जाकर उसे खाने-पीने का सामान भी दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जंगली भालू बार-बार नगर क्षेत्र में पहुंच रहा है और नगर का भ्रमण करते हुए कुछ समय तक यहां वहां चहल कदमी व घूमने के बाद वापस चला जाता है। भालू की मौजूदगी की खबर मिलते ही आसपास के लोग उसे देखने के लिए तुरंत एकत्रित हो जाते हैं और उत्सुकतावश लोग मोबाइल से उसकी तस्वीरें और वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया में डाल रहे हैं, वहीं कुछ लोग भालू के चारों तरफ घेरा डालकर भालू को भोजन देते हुए भी देखे जा सकते हैं।

हालांकि, वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार जंगली जानवर को इस तरह भोजन देना उसके व्यवहार में बदलाव ला सकता है और भविष्य में इंसानों के लिए खतरा पैदा कर सकता है। लोगों का कहना है कि भालू के बार-बार नगर क्षेत्र में आने का कारण पता लगाया जाना चाहिए।

वन विभाग को मामले की जानकारी लेकर भालू की सुरक्षित निगरानी और उसे प्राकृतिक आवास की ओर वापस भेजने की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि इंसानों और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा बनी रहे। फिलहाल जनकपुर नगर में जंगली भालू की आमद लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। कौतूहल के कारण लोग भालू को देखने पहुंच रहे हैं और खाने के लिए खाद्य सामग्री भी दे रहे है, लेकिन विशेषज्ञों की सलाह है कि लोग भालू से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उसे भोजन न दें।

Search

Archives